बक्सर से धनबाद जा रही थी बस
रात दो बजे चालक को झपकी आने से हुई घटना
बगोदर : बिहार के बक्सर से धनबाद जा रही सोलंकी यात्री बस जीटी रोड बगोदर के चौराहे पर डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गयी. इस घटना में करीब एक दर्जन यात्री जख्मी हो गये. सभी इलाज निजी नर्सिंग होम में कराया गया. बाद में सभी यात्री अन्य वाहनों से अपने गंतव्य स्थल के लिए रवाना हो गये. घटना सोमवार देर रात दो बजे की है.
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और यात्रियों को बस से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. बताते हैं कि बस में करीब 60 यात्री सवार थे. सभी नींद में थे. चालक को झपकी आ जाने के कारण घटना घटी. घायलों में भोजपुर के डीएन राम, आरा के राम कुमारी, गया के दशरथ दास शामिल हैं.
अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आयी हैं. बगोदर थाना प्रभारी पृथ्वी सेन दास ने कहा है कि घटना हुई है. जख्मी सभी लोगों का इलाज कराकर उन्हें भेज दिया गया है. वाहन को कब्जे में ले लिया गया है.
