Giridih Elephant Attack : गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के जनता जरीडीह गांव में जंगली हाथियों के साथ सेल्फी ले रहे 42 वर्षीय उपेंद्र यादव को भड़के झुंड ने कुचलकर मार डाला. घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की है. तीन घंटे तक हाथियों का झुंड शव के आसपास डटा हुआ था. इस कारण रात 8.30 बजे शव उठा. घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी. देखते ही देखते हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये.
वन विभाग की चेतावनी के बावजूद हाथियों के पास पहुंच रहे थे लोग
मुखिया टिकैत राजमणि सिंह और दयानंद पांडेय ने बताया कि हाथियों का झुंड सोमवार की सुबह से ही जनता जरीडीह के जंगल में डेरा जमाये हुए था. वन विभाग लगातार लोगों को हाथियों के पास नहीं जाने की चेतावनी देता रहा, लेकिन ग्रामीण उसकी अनदेखी करते रहे. कई लोग छोटे- छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर हाथियों को दिखाने और उनके पास जाकर सेल्फी लेने पहुंच रहे थे.
सेल्फी लेते ही भड़का हाथियों का झुंड
शाम करीब पांच बजे उपेंद्र यादव बाइक से हाथियों के काफी करीब पहुंच गया और सेल्फी लेने लगा. इसी दौरान हाथियों का झुंड भड़क गया और पटकपटक कर उसे कुचल दिया. घटना के बाद उसकी बाइक भी घटनास्थल पर ही पड़ी रही, जबकि शव हाथियों के घेरे में था. काफी मशक्कत के बाद शव उठाया जा सका.
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त
ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन
