चोरी के गहने व नकदी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

मेराल थाना क्षेत्र के ग्राम पेशका में चोरी के गहने बेचने आयी महिला की सूचना पर पुलिस को बड़ी सफलता

मेराल थाना क्षेत्र के ग्राम पेशका में चोरी के गहने बेचने आयी महिला की सूचना पर पुलिस को बड़ी सफलता प्रतिनिधि, गढ़वा मेराल थाना क्षेत्र के ग्राम पेशका स्थित एक आभूषण दुकान में चोरी के गहने बेचने आयी महिला की सूचना ने पुलिस को बड़े गिरोह तक पहुंचा दिया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनंजय राम (पिता-बंधु राम) के रूप में हुई, जो मूल रूप से रोहतास (बिहार) के तिलौथू का निवासी है और वर्तमान में मेराल के गेरुआसोती में रह रहा था. सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, पांच अप्रैल को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि पेशका में एक महिला चोरी के जेवर बेचने की फिराक में है. सूचना के सत्यापन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मेराल थाना प्रभारी (पुअनि) विष्णुकांत के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने जब जांच शुरू की, तो कड़ियां जुड़ती गयीं और धनंजय राम पुलिस के हत्थे चढ़ गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 21 मार्च को जेठू भुइयां के घर से पैसे और गहने चोरी किये थे. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किये गये सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की. बरामद सामान में एक जोड़ा सोने का टॉप्स, एक जोड़ा चांदी की पायल, एक चांदी की चेन और क्लिप, दो पीस चांदी का चंद्रमा लॉकेट और 12,500 रुपये नकद शामिल थे. एसपी के निर्देश पर मेराल थाना कांड संख्या-65/26 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई पूरी की गयी. इस सफल उद्भेदन में थाना प्रभारी विष्णुकांत के साथ थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवानों की अहम भूमिका रही. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य कड़ियों और गहने बेचने पहुंची महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >