गढ़वा : गढ़वा थाना पुलिस ने मंगलवार की रात सदर अस्पताल के आसपास तांबा के पाइप चोरी कर भाग रहे एक चोर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान गढ़वा शहर के उंचरी निवासी सोनू प्रसाद के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए तांबा के दो पाइप बरामद किए हैं.
बुधवार को गढ़वा थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसडीपीओ गढ़वा दिलु लोहार ने बताया कि पुलिस गश्ती के दौरान सदर अस्पताल के आसपास एक युवक को तांबा के दो पाइप लेकर भागते देखा गया. संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ और जांच के बाद उसकी पहचान सोनू प्रसाद के रूप में हुई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
एसडीपीओ ने बताया कि सोनू प्रसाद पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. वह करीब आठ दिन पहले ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था. जेल से निकलने के कुछ ही दिनों बाद दोबारा चोरी के आरोप में उसकी गिरफ्तारी हुई है. पत्रकार वार्ता में गढ़वा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे. रिपोर्ट :प्रभाष मिश्रा
