विशुनपुरा . अपर बाजार में हुई भीषण चोरी की घटना को 11 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा उद्भेदन नहीं किये जाने से व्यवसायियों एवं सामाजिक संगठनों में आक्रोश है. इसी कड़ी में जिला रौनियार परिवार की एक प्रतिनिधिमंडल ने विशुनपुरा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान रौनियार परिवार के जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि चोरी की घटना को ग्यारह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. इससे पूरे क्षेत्र के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. उन्होंने कहा कि चोर बेखौफ होकर लाखों की चोरी कर फरार हो गये, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटना का उद्भेदन नहीं किया गया तो रौनियार परिवार राज्य ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ने को विवश होगा. इस मौके पर बंक्तेश्वर गुप्ता, दिनेश गुप्ता, उपकार गुप्ता, संजीव गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, पप्पू गुप्ता, दामोदर गुप्ता, गुप्तेश्वर गुप्ता, भोलानाथ साहू, मुरली गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
