भारत देश का संविधान एक जीवंत दस्तावेज है : उपायुक्त

गोविंद इंटर कालेज के मैदान में सोमवार को गणतंत्र दिवस के सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

गोविंद प्लस टू विद्यालय के मैदान में किया गया गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन गढ़वा. गोविंद इंटर कालेज के मैदान में सोमवार को गणतंत्र दिवस के सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यहां उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने झंडोतोलन किया तथा परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा झांकी भी निकाली गयी. इस अवसर पर जिलावासियों को संबाेधित करते हुये डीसी ने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों और बलिदानों का मूर्त रूप भारतीय संविधान के रूप में दिया गया था. उन्होने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित हो. हमारे देश का संविधान एक जीवंत दस्तावेज है. , एक ऐसा सामाजिक अनुबंध है जो हमारी विविधता में एकता को बांधे रखता है और हमारी लोकतांत्रिक आंकाक्षाओं की रक्षा करता है. उन्होंने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ जिले की कुल दो लाख 26 हजार महिलाओं को प्रत्येक माह 2500 रूपये की आर्थिक सहायता राशि के रूप में मिल रही है. सर्वजन पेंशन के तहत कुल एक लाख 42 हजार 8 सौ लाभुको को पेंशन दिया जा रहा है. पथ निर्माण विभाग द्वारा जिले में कुल 123 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है. यह अपने आप में विकास का पैमाना है. दो पथ परियोजनाओं की कुल लंबाई 42.17 किलोमीटर का निर्माण 11 हजार 500 लाख है, इसे पूर्ण करा लिया गया है. झारखंड सरकार द्वारा एक उच्च स्तरीय सेतु का निर्माण कार्य कुल 785 लाख की लागत से कराया जा रहा है, इसके अलावा उन्होंने अन्य विभागों का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया. इस मौके पर एसपी अमन कुमार, उप विकास आयुक्त पशुपति नाथ मिश्र, अपर समाहर्ता राजमेश्वरम समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे. झांकी में जेएसएलपीएस को मिला प्रथम पुरस्कार गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के दौरान निकाली गयी झांकी में जेएसएलपीएस की झांकी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया. उनके द्वारा विकसित नारी, विकसित भारत को दर्शाया गया था. जबकि दूसरा पुरस्कार जिला परिवहन विभाग एवं मध्य विद्यालय चिरौंजियां को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया. परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित झांकी भी निकाली गयी. जबकि मध्य विद्यालय चिरौंजियां के बच्चों ने बापू के नमक सत्याग्रह को अपनी झांकी का विषय बनाया गया था. जबकि तीसरा पुरस्कार जिला कृषि विभाग को दिया गया. विभाग द्वारा समेकित कृषि, समृद्ध किसान को झांकी का थीम बनाया गया था. इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग द्वारा भी झांकी निकाली गयी. राष्ट्रगान के लिए जीएन कांवेंट व संगीत महाविद्यालय को मिला सम्मान राष्ट्रगान के लिये जीएन कांन्वेंट स्कूल गढ़वा एवं संगीत कला महाविद्यालय गढ़वा को पुरस्कार दिया गया. वहीं बिगुल बैंड के लिये कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं जीएन कांवेंट स्कूल गढ़वा को सम्मानित किया गया. प्रभातफेरी के लिये आरकेसीएम विद्यालय गढ़वा को प्रथम, आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा को द्वितीय तथा साउंथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल गढ़वा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >