सिस्टम की नाकामी या अपनों को आईना, JMM नेता ने निजी खर्च से बनाया 2 किमी सड़क

गढ़वा के रमना में जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से नाराज झामुमो नेता ने अपने निजी खर्च से दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत.

दिनेश गुप्ता

रमना (गढ़वा) : रमना प्रखंड के बहियार कला पंचायत अंतर्गत सपही गांव में वर्षों से बदहाल और उपेक्षित सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों का दर्द आखिरकार अपनों की ही पहल से दूर हुआ है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह मामला भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के परिधि में आता है, जहां के वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव (झामुमो) सत्ताधारी दल से ही आते हैं. इसके बावजूद, अपने ही विधायक की उदासीनता और जनप्रतिनिधियों के ढुलमुल रवैये से नाराज झामुमो के जिला सदस्य राजेंद्र उरांव ने खुद आगे बढ़कर एक बड़ा उदाहरण पेश किया है. उन्होंने ग्रामीणों को आवागमन की भारी परेशानी से निजात दिलाने के लिए अपने निजी खर्च से लगभग दो किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है, जिसे क्षेत्र में अपनी ही पार्टी के विधायक और व्यवस्था को आईना दिखाने के तौर पर देखा जा रहा है.

यह सड़क मुख्य कालीकरण सड़क (कुर्बान अंसारी के घर) से सपही स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तक बनाई जा रही है, जिसके बाद से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल थी और बरसात के दिनों में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती थी. इसके कारण पैदल चलना भी दूभर था और सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों तथा स्कूली बच्चों को होती थी. किसानों को भी अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों तक कई बार लिखित और मौखिक गुहार लगाई गई, लेकिन सत्ताधारी दल के विधायक के क्षेत्र में होने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई.

ऐसे में झामुमो नेता राजेंद्र उरांव ने समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए खुद के खर्च से सड़क का काम शुरू कराया.इस संबंध में झामुमो जिला सदस्य राजेंद्र उरांव ने कहा कि जनसेवा केवल चुनाव के समय वादे करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, जब तक सरकारी स्तर पर कार्य स्वीकृत नहीं होते, तब तक सक्षम लोगों को जनहित में आगे आना चाहिए. वहीं, मुखिया सावित्री देवी ने इसे गांव के विकास की पहली आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा.

सुनील उरांव ने कहा कि फिलहाल ग्रामीणों की सुविधा के लिए यह कार्य कराया जा रहा है और भविष्य में इस सड़क के पक्कीकरण के लिए भी सरकार से पुरजोर मांग की जाएगी. ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए राजेंद्र उरांव, मुखिया सावित्री देवी और सुनील उरांव का आभार व्यक्त किया है, साथ ही जिला प्रशासन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण सड़क का जल्द से जल्द स्थायी रूप से पक्कीकरण कराया जाए ताकि हर मौसम में लोगों का आवागमन सुगम हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >