रंका. खुरा निवासी सिपाही ब्रह्मदेव उरांव (42) की तालाब में डूबने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार ब्रह्मदेव बुधवार को गांव में स्थित तालाब में नहाने गया था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया. वहां कपड़ा साफ कर रही कुछ महिलाओं ने उसे डूबते हुए देखा और इसकी सूचना गांव वालों को दी. इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब के पास पहुंचकर ब्रह्मदेव के शव को बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने सरकारी प्रक्रिया के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक सिपाही के पिता अंबिका उरांव ने बताया कि उसका पुत्र ब्रह्मदेव उरांव खुंटी में जिला पुलिस बल में तैनात था. वह 12 सितंबर को अपने चाचा के श्राद्ध कार्यक्रम में आया था और गुरुवार को उसे ड्यूटी पर जाना था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
