प्रतिनिधि, भवनाथपुर कभी गुलजार रहने वाला सेल टाउनशिप परिसर इस बार धनतेरस और दीपावली के मौके पर सूना और वीरान रहा. कभी जहां हजारों की भीड़ उमड़ती थी, वहीं अब सेल इकाई के बंद होने से सन्नाटा पसरा है. हालांकि, टाउनशिप से सटे भवनाथपुर बाजार में इस बार तीन करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ. शनिवार और रविवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की. शनिवार की सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही, जो देर रात तक जारी रही. इस वर्ष धनतेरस पर सबसे अधिक बिक्री मोटरसाइकिलों की हुई. श्री वंशीधर नगर हीरो एजेंसी ने 115 बाइख बेचकर लगभग एक करोड़ रुपये का कारोबार किया. होंडा शोरूम ने 20 से अधिक बाइक बेचकर 25 लाख रुपये की बिक्री की. टीवीएस एजेंसी ने 50 से अधिक बाइक बेचकर 50 लाख रुपये का व्यापार किया. इसके अलावा सोना-चांदी की करीब 20 दुकानों ने लगभग 40 लाख रुपये, जबकि इलेक्ट्रॉनिक की 25 दुकानों ने 30 लाख रुपये का कारोबार किया. वहीं बर्तन, फर्नीचर, पटाखा और अन्य दुकानों ने मिलकर करीब 5 लाख रुपये का व्यापार किया. व्यापारी शंभू सेठ, सुनील सिंह (रानू इलेक्ट्रॉनिक) और अरुण गुप्ता (गायत्री वॉच) ने बताया कि इस बार बाजार में कुछ रौनक तो रही, लेकिन सेल बंद होने से कारोबार पर गहरा असर पड़ा है. पूरी तरह वीरान रहा बैंक मोड़ धनतेरस पर कभी सेल टाउनशिप बैंक मोड़ पर 25–30 दुकानों की कतार लगती थी और हजारों की भीड़ खरीदारी में जुटी रहती थी. लेकिन इस वर्ष बैंक मोड़ पूरी तरह वीरान रहा. एक भी दुकान नहीं सजी और न ही कोई खरीदार पहुंचा. स्थानीय लोगों ने कहा कि सेल चालू रहने के दौर में आधा दर्जन पंचायतों के लोग टाउनशिप में खरीदारी के लिए आते थे, पर अब रौनक की जगह सन्नाटा और यादें ही बची हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
