क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन को लेकर केन्द्राधीक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

गढ़वा में 19 जुलाई को होने वाली क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन के लिए केन्द्राधीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

गढ़वा: आगामी 19 जुलाई 2026 को तीन पालियों में आयोजित होने वाली झारखण्ड क्षेत्रीय कार्यकर्त्ता प्रतियोगिता परीक्षा–2024 के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज हो गई है. गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगरन्नाथ लोहरा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.बैठक के दौरान गढ़वा जिले में निर्धारित कुल 15 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित विस्तृत और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया. साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. एसडीओ कुमार मयंक भूषण ने कहा कि परीक्षा का सफल संचालन सभी संबंधित पदाधिकारियों और केन्द्राधीक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को कड़ा निर्देश दिया कि वे परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित गाइडलाइंस और मानक संचालन प्रक्रिया का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें. इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर समयबद्ध व्यवस्था, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अनुशासन और पूरी तरह से कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया. बैठक में परीक्षा से जुड़ी तमाम बुनियादी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई. साथ ही केन्द्राधीक्षकों द्वारा उठाए गए सवालों और शंकाओं का मौके पर ही समाधान करते हुए उन्हें परीक्षा के प्रत्येक चरण के संबंध में बारीकी से जानकारी उपलब्ध कराई गई. अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों के समन्वित प्रयास से परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >