गढ़वा: रक्षाबंधन पर्व को लेकर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने से गुरुवार को शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. रंका मोड़ पर दोपहर करीब तीन बजे से शाम सात बजे तक चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा. इससे गढ़वा-मुड़ीसेमर, गढ़वा-रेहला, गढ़वा-अंबिकापुर और गढ़वा-शाहपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
बाजार में बढ़ी भीड़ के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया. सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और दुकानों के आसपास लोगों की भीड़ ने स्थिति और गंभीर कर दी. जाम में सैकड़ों दोपहिया वाहन, कार, ऑटो, यात्री और व्यावसायिक वाहन फंसे रहे. लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लगा. गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें : गढ़वा की 189 पंचायतों में हर दिन 18,900 श्रमिकों को मिलेगा रोजगार, पलायन रोकने की तैयारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रित करने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद शाम करीब छह बजे यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ. स्थानीय लोगों ने पर्व-त्योहार के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर पहले से पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की है.
