कांडी (गढ़वा). प्रखंड मुख्यालय स्थित जमा दो उच्च विद्यालय के खेल मैदान में शनिवार को पुलिस और जनप्रतिनिधियों की टीमों के बीच एक फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया. इस मुकाबले में जनप्रतिनिधियों की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुलिस टीम को 2-1 से पराजित किया. इससे पूर्व कांडी पंचायत के मुखिया विजय राम ने मैदान में जाकर दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया. मैच की शुरुआत से ही जनप्रतिनिधियों की टीम आक्रामक दिखी. मैच के पांचवें मिनट में जनप्रतिनिधियों की टीम के कप्तान रवि रंजन उर्फ टिंकू ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. दबाव का फायदा उठाते हुए जनप्रतिनिधियों ने जल्द ही एक और गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया. निर्धारित 40 मिनट के खेल के दौरान पुलिस टीम ने वापसी की पुरजोर कोशिश की. मैच खत्म होने से कुछ समय पहले पुलिस टीम ने एक गोल किया. मौके पर जिला पार्षद प्रतिनिधि दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
