श्री बंशीधर नगर. फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद पलामू के छतरपुर पूर्वी जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल बुधवार को श्री बंशीधर मंदिर पहुंचे. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर पलामू प्रमंडल की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की. इस दौरान बंशीधर नगर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल बनाना प्राथमिकता
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित जायसवाल ने कहा कि पलामू प्रमंडल में व्यापार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकता होगी. चैंबर के सदस्यों ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रमंडल के व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को चैंबर के उचित मंच पर मजबूती से रखा जायेगा, ताकि उनकी समस्याएं सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचें और समाधान की दिशा में पहल हो सके.
उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता से भरपूर पलामू प्रमंडल में पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं. पर्यटन के विकास के साथ क्षेत्र में औद्योगिक वातावरण तैयार हो, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिले, इसके लिए चैंबर के मंच से संबंधित मुद्दों को सरकार के समक्ष रखा जायेगा. व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
59 मत मिले, 29 मतों से दर्ज की जीत
रांची में हुए चैंबर चुनाव में अमित जायसवाल को 59 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी उदय शंकर दूबे को 30 मत प्राप्त हुए. उन्होंने 29 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. चुनाव के बाद बंशीधर नगर पहुंचने पर चैंबर सदस्यों ने रमना से ही उनकी अगुआई की. इसके बाद उन्हें बंशीधर मंदिर ले जाया गया. पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर से चैंबर कार्यालय तक उनका स्वागत किया गया.
बंशीधर नगर चैंबर के अध्यक्ष शंभूनाथ, सचिव गोपाल जायसवाल, संरक्षक उदय जायसवाल समेत दर्जनों सदस्यों ने अमित जायसवाल को बधाई दी.
डॉ. कौशल ने पर्यावरण धर्म के तहत कपूर का पौधा किया समर्पित
इस अवसर पर अमित जायसवाल के पिता और प्रख्यात पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने पर्यावरण धर्म के तहत मंदिर परिसर में हिमाचल के कपूर का पौधा प्रार्थना के साथ समर्पित किया. पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि अमित ने मुखिया, जिला परिषद सदस्य और अब चैंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में चार चुनाव लड़े और चारों में जीत हासिल की है. उन्होंने इसे अमित की मेहनत, जनता के विश्वास और संस्कारों का परिणाम बताते हुए ‘जीत का चौका’ कहा.
मौके पर सूर्य प्रकाश, अनिकेत विश्वकर्मा, कामेश्वर प्रसाद, उमेश कुमार, सुनील कुमार, दीप जायसवाल, चंद्र प्रकाश जायसवाल, छोटू रंजन, राजन कुमार, विनोद कुमार कसेरा, मिकी जायसवाल, राकेश कुमार विश्वकर्मा, संजय कुमार, राकेश कुमार और ओम प्रकाश चौबे समेत कई लोग मौजूद थे.
