बेलगाम डंपरों पर अंकुश लगायेगी पुलिस

बेलचंपा सड़क हादसे के बाद गढ़वा पुलिस सख्त

बेलचंपा सड़क हादसे के बाद गढ़वा पुलिस सख्त

प्रतिनिधि, गढ़वा

गढ़वा जिले के बेलचंपा में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार रिश्तेदारों की दर्दनाक मौत हो गयी. इस मामले ने जिला प्रशासन और पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है. इस हृदयविदारक घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गढ़वा पुलिस अब ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने में जुट गयी है. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर नियंत्रण पाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने बताया कि आमतौर पर जिन स्थानों पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उन्हें ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां विशेष टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाता है, ताकि सड़क की बनावट या तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके. हालांकि, गढ़वा–रेहला मार्ग स्थित बेलचंपा जहां हादसा हुआ, वह पहले किसी दुर्घटना के लिए चिह्नित नहीं रहा है. इसके बावजूद पुलिस पूरे मार्ग (स्ट्रेच) की गंभीरता से जांच करेगी.

भारी वाहनों की तेज रफ्तार गंभीर समस्या

एसपी अमन कुमार ने कहा कि रात के समय डंपर और अन्य भारी वाहनों की तेज रफ्तार एक गंभीर समस्या है. उन्होंने बताया कि जिन औद्योगिक संस्थानों या माइंस क्षेत्रों से ये भारी वाहन निकलते हैं, उनके प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित किया जायेगा. साथ ही, डंपर चालकों के साथ सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया जायेगा. निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

रात में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील

हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एसपी अमन कुमार ने आम नागरिकों से रात के समय यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें की अपील की. उन्होंने कहा कि रात में पलक झपकते ही बड़ा हादसा हो सकता है. मोड़ या संकरी सड़कों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें. उन्होंने कहा कि पुलिस उन इलाकों में गश्ती और चेकिंग अभियान तेज करेगी, जहां भारी वाहनों का दबाव अधिक रहता है. संभावित दुर्घटना स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किये जायेंगे. इसके अलावा परिवहन कंपनियों और डंपर मालिकों के साथ बैठक कर रणनीति बनायी जायेगी और रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >