कक्षा नवमी और दसवीं का एक-एक पीरियड बढ़ा

सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह केंद्रीय विद्यालय गढ़वा के मनोनीत चेयरमैन संजय कुमार ने केंद्रीय विद्यालय गढ़वा के नवनिर्मित भवन और परिसर का औचक निरीक्षण व संवादात्मक दौरा किया

गढ़वा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह केंद्रीय विद्यालय गढ़वा के मनोनीत चेयरमैन संजय कुमार ने केंद्रीय विद्यालय गढ़वा के नवनिर्मित भवन और परिसर का औचक निरीक्षण व संवादात्मक दौरा किया. यह दौरा न केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि छात्रों और शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्पद भी रहा. एसडीएम ने विद्यालय के प्राचार्य चंदन लोहानी तथा समस्त शिक्षकों के साथ बैठक की, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, नये सत्र में प्रवेश की स्थिति, पिछली बोर्ड परीक्षाओं में प्रदर्शन, अनुशासन व्यवस्था, छात्रों के समग्र विकास एवं शिक्षा की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गयी.

छात्रों से सीधा संवाद एवं शिक्षण

एसडीएम ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्रों से सीधे संवाद स्थापित किया.उन्होंने दोनों कक्षाओं में एक-एक पीरियड लिया, जिसमें उन्होंने छात्रों को न केवल पढ़ाई के महत्व को समझाया, बल्कि आत्मविकास, नैतिक मूल्यों, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण जैसे जीवनोपयोगी विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया.उन्होंने छात्रों को देश का जिम्मेदार नागरिक बनने, समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने, और एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी.

भवन एवं परिसर का निरीक्षण

एसडीएम ने विद्यालय के नव-निर्मित भवन एवं संपूर्ण परिसर का निरीक्षण भी किया. उन्होंने साफ-सफाई, कक्षाओं की स्थिति, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, लैब, खेलकूद की सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढाँचागत सुविधाओं का अवलोकन किया. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इन सुविधाओं के सतत् रखरखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEEPAK

DEEPAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >