खेत में नंगे तार की चपेट में आने दो भाइयों की हो गयी थी मौत मुकेश तिवारी, रमकंडा रमकंडा प्रखंड के दाहो गांव के फगमरी टोले में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गयी थी. दोनों बच्चे खेत में टूटकर लटके नंगे विद्युत तार की चपेट में आ गये थे. बताया जा रहा है कि यह तार पड़ोसी द्वारा घर में बिजली कनेक्शन के लगाया गया था, जो टूटकर लटका हुआ था. घटना के बाद मृतक परिवार के घर चूल्हा तक नहीं जला. किचन में काटकर रखी गयी सब्जी यूं ही पड़ी रह गयी. मृतक बच्चों के पिता प्रदेश में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस घटना ने गांव में 10 वर्ष पहले हुई एक और दर्दनाक दुर्घटना की यादें ताजा कर दीं. गांव में 18 अप्रैल 2014 को मुनारिक भुइयां के घर में आग लगने से उनके दो पुत्र भूलन (9 वर्ष) और रमन (6 वर्ष) की मौत हो गयी थी. दोनों बच्चे घर में रखे पुआल में लगी आग की चपेट में आकर पूरी तरह झुलस गये थे. उस घटना में भी उनकी मां बिमली देवी झुलस गयी थीं. संयोग यह कि दोनों घटनाएं शुक्रवार को ही हुईं. बता दे कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्ट कराकर शनिवार को परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया. खेलते-खेलते हुई दर्दनाक मौत मृतक जोगेंद्र पासवान के पुत्र शिवम पासवान (10) और शिवा पासवान (8) शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर के पास खेल रहे थे. खेलते-खेलते दोनों बगल के मक्का खेत में चले गये, जहां नीचे लटका नंगा तार उनकी चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौत हो गयी. मां भी अगलगी को हो चुकी हैं शिकार ग्रामीणों ने बताया कि मृतक बच्चों की मां सबिता देवी पहले भी अगलगी की शिकार हो चुकी हैं. आग की घटना में वह बुरी तरह झुलस गयी थीं. इलाज के बाद उनकी हालत सुधरी और पति के प्रदेश में मजदूरी करने के दौरान उन्होंने पांच बच्चों का पालन-पोषण किया. विभागीय जांच में उजागर हुई हकीकत घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता निरंजन सिसोदिया, कनीय अभियंता दीपक कुमार, लाइनमैन सिकंदर कुमार और अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और जांच की. कनीय अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि हादसे में विभाग की कोई गलती नहीं है. पड़ोसी ने अपने पुराने घर से नए घर में बिजली खींचने के लिए नंगा तार लगाया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. मामले में थाना में सनहा दर्ज कराया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
