प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड में पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) देखने को लेकर हुई डांट-फटकार के बाद एक 17 वर्षीया युवती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी. मृतका की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी परमानंद सिंह की पुत्री नंदिनी सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, नंदिनी कुमारी अपनी मां के साथ अपने ननिहाल (गुरहा गांव) में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी. इसी दौरान वह मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रही थी. उसे लगातार मोबाइल पर बिजी देख उसकी नानी ने टोकते हुए पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने की सलाह दी और डांट-फटकार लगाई. नानी की यह बात नंदिनी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में आकर जहरीला पदार्थ (जहर) खा लिया.
अस्पताल में भर्ती कराया
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. युवती की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां आपा खो बैठी और सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. उन्होंने इस दौरान कई गंभीर आरोप भी लगाए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया.
पुलिस मामले की छानबीन कर रही
पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि घटना के पीछे केवल डांट-फटकार ही वजह थी या कोई अलग कारण. इस दुखद घटना से बहेरवा और गुरहा दोनों गांवों में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: भीषण सड़क हादसे में एयर फोर्स के जवान की दर्दनाक मौत, हैदराबाद से बेटी को देखने आए थे गांव
यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी स्कैम: 31.47 करोड़ की अवैध निकासी, DSP से लेकर सिपाही तक ने एक ही माह में 2-2 बार उठाया वेतन
