श्री बंशीधर नगर,गढ़वा: केंद्र सरकार द्वारा लाये गये खान-खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में विधायक आवासीय परिसर में प्रखंड की सभी पंचायतों के झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बैठक में विधायक अनंत प्रताप देव मौजूद रहे.
विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि खान-खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 झारखंड के हितों के खिलाफ है. झारखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़ी हुई है. राज्य की खनिज संपदा पर पहला अधिकार यहां के लोगों का होना चाहिए. केंद्र सरकार द्वारा लाये गये इस विधेयक के माध्यम से राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
यह भी पढ़ें : Garhwa News: विधायक जयराम महतो पर अभद्र व्यवहार का आरोप, पुलिस एसोसिएशन ने जतायी नाराजगी, कार्रवाई की मांग
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार को झारखंड की जनता की भावना को समझना चाहिए. प्राकृतिक संसाधनों के दोहन का लाभ यहां के लोगों को मिलना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित संशोधन से बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचने की संभावना बढ़ेगी, जबकि स्थानीय लोगों के हित प्रभावित होंगे.
बैठक में युवा नेता मानवेंद्र प्रताप देव, मुक्तेश्वर पांडेय, जिप सदस्य बाला रानी, श्याम सुंदर राम, राजनाथ राम, अशोक चंद्रवंशी, अजय प्रसाद, बिपिन सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय ने की. मौके पर रजनीकांत मधुर, प्रताप जायसवाल, बंगाली सिंह, संजय पांडेय, बाबूलाल दुबे सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
