भवनाथपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट
भवनाथपुर. मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति की बैठक बुधवार को भवनाथपुर पहाड़ी शिव मंदिर परिसर में हुई. बैठक में क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा उपलब्ध कराने और मेराल से भवनाथपुर होते हुए चोपन तक ट्रेन का परिचालन शुरू कराने की मांग पर विस्तार से चर्चा की गयी.
रेल सुविधा से कई क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
समिति के सदस्यों ने कहा कि भवनाथपुर, मेराल और आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से रेल सुविधा का इंतजार कर रहे हैं. मेराल से भवनाथपुर होते हुए चोपन तक ट्रेन का परिचालन शुरू होने से बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी. इससे व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी लाभ होगा.
जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों के समक्ष उठेगी मांग
समिति के सदस्यों ने कहा कि रेल सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और संबंधित विभाग के समक्ष आवाज उठायी जायेगी. इसके लिए चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में सांसद प्रतिनिधि विनय चौबे, ब्रजेश कुमार सिंह, जयराम पासवान, राजेन्द्र पासवान, प्रेम चौबे आदि वक्ताओं ने कहा कि रेल सुविधा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. समिति ने मांग की कि मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल मार्ग पर यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू करने की दिशा में रेलवे गंभीर पहल करे.
संघर्ष समिति का किया गया गठन
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों और आंदोलन की रूपरेखा को लेकर भी विचार साझा किये गये. बैठक में समिति के सदस्य और क्षेत्र के कई लोग उपस्थित रहे.
बैठक के पश्चात मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति का चयन किया गया. इसमें अध्यक्ष प्रेम कुमार चौबे, उपाध्यक्ष भवनाथपुर उत्तरी पंचायत समिति सदस्य चन्दन ठाकुर, ब्रजेश कुमार गुप्ता, जनक राम, संजय यादव, संतोष रंजन, सचिव मनू उपाध्यक्ष, शौकत अली, कोषाध्यक्ष मनोज चौरसिया, सोशल मीडिया प्रभारी अमित कुमार, मनोज बैठा, दीपक जायसवाल, संयोजक सुरेश गुप्ता और सतनारायण गुप्ता सहित अन्य लोगों का चयन किया गया है.
