उद्योग, ऊर्जा उत्पादन व जल प्रबंधन की छात्राओं की दी जानकारी

परियोजना बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने किया औद्योगिक व शैक्षणिक भ्रमण

परियोजना बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने किया औद्योगिक व शैक्षणिक भ्रमण

हिंडाल्को संयंत्र और रिहंद डैम का छात्राओं ने किया अवलोकन

प्रतिनिधि, भवनाथपुर

भवनाथपुर स्थित परियोजना बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के तहत हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के उत्कृष्ट विद्यालय व रिहंद डैम का भ्रमण कराया गया. इस दौरान छात्राओं को उद्योग, तकनीक, ऊर्जा उत्पादन और जल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयीं. नयी जानकारियां पाकर छात्राएं काफी उत्साहित दिखीं. उत्कृष्ट विद्यालय में कंपनी के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी सेबेस्टियन जोश ने एल्युमिनियम के खनन से लेकर तैयार उत्पाद बनने तक की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझायी. उन्होंने बताया कि एल्युमिनियम का उपयोग घरों में बर्तन, खिड़की, दरवाजे और विद्युत उपकरणों के अलावा वाहन, रेल और हवाई जहाज के निर्माण में तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने जानकारी दी कि यह संयंत्र एशिया में दूसरे स्थान पर है, जहां एक ही स्थान पर एल्युमिनियम से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं संचालित होती हैं. वर्ष 1958 में स्थापित यह संयंत्र गुणवत्ता और विश्वसनीयता के कारण वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है. उन्होंने छात्राओं को इस क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाओं से अवगत कराया और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर ऐसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. वहीं विभाग की अधिकारी सोनाली ने कहा कि लड़कियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए परिवार और समाज की बाधाओं का सामना करना पड़ता है. उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी. साथ ही बहुउद्देशीय नदी घाटी परियोजना की जानकारी देते हुए ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और बेहतर प्रबंधन पर विशेष जोर दिया. विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं और शिक्षकों दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा. इससे छात्राओं को नई जानकारी और प्रेरणा मिली है. इस अवसर पर शिक्षिका मनोरमा टोप्पो, अजय कुमार वर्मा, चंद्रधन राम, कृष्ण कुमार रावत, विनोद प्रसाद यादव, सत्या कुमारी, अंजू कुमारी, देवाशीष कुमार चौबे तथा संतोष कुमार यादव ने भ्रमण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >