प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा जिले में बढ़ी हुई बिजली दरों को लेकर भाजपा की राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है. भाजपा के गढ़वा जिला अध्यक्ष उदय कुमार कुशवाहा, विभिन्न मंडल अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने जिला बिजली विभाग के अधीक्षण एवं कार्यपालक अभियंता के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एक अप्रैल से लागू नयी बिजली दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की है. उदय कुमार कुशवाहा ने कहा कि बढ़ी हुई बिजली दरों का बोझ आम जनता के लिए असहनीय हो गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो भाजपा जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी. उन्होंने बताया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए दर में 50 पैसे प्रति यूनिट और शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 55 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गयी है, जिससे आम लोगों का मासिक खर्च काफी बढ़ गया है. भाजपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ पातंजलि केशरी ने कहा कि बिजली दर वृद्धि को वापस न लेने पर आंदोलन व्यापक जनसमर्थन के साथ बड़ा रूप लेगा ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री जितेंद्र प्रसाद, जिला कोषाध्यक्ष कैलाश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, नगर मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, मेराल दक्षिणी मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार केशरी, मेराल पूर्वी मंडल अध्यक्ष डॉ. लालमोहन और अन्य कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.
नयी बिजली दरों को अविलंब वापस ले सरकार: भाजपा
नयी बिजली दरों को अविलंब वापस ले सरकार: भाजपा
