प्रतिनिधि, गढ़वा राज्यस्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गढ़वा जिले ने शानदार प्रदर्शन किया. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम रांची में किया गया था. इस प्रतियोगिता में गढ़वा के खिलाड़ियों ने कुल पांच पदक जीते, जिसमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. मवि अंचला के इजमामुल हक ने डिस्कस थ्रो के अंडर-14 वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया. जबकि उत्क्रमित उच्च विद्यालय कल्याणपुर के विवेक कुमार ठाकुर ने अंडर-14 हर्डल में सिल्वर मेडल जीता. उवि भंडरिया के शेषनाग सिंह ने 1500 मीटर दौड़, कस्तुरबा गांधी विद्यालय की स्वाति लकड़ा ने अंडर-17 में 400 मीटर में हर्डल व उवि रोदो भंडरिया निवासी राधा कुमारी ने अंडर-17 डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है. इसके पूर्व अक्टूबर माह में ही स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता में भी अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने स्किल का जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था. साथ ही साथ अंडर-17 आयु वर्ग में भी जिला की कबड्डी टीम उपविजेता रही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
