गढ़वा: रात में सदर अस्पताल पहुंचे नए डीसी, लेबर रूम में लेडी डॉक्टर नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

Garhwa News: गढ़वा में नए डीसी अनन्य मित्तल ने देर रात सदर अस्पताल गढ़वा का औचक निरीक्षण किया. लेबर रूम में डॉक्टर की अनुपस्थिति, वार्डों में गंदगी और नए भवन के संचालन में देरी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले की कमान संभालते ही नए उपायुक्त अनन्य मित्तल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. जिले की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए डीसी बुधवार की देर रात अचानक सदर अस्पताल पहुंच गए. उपायुक्त के इस औचक निरीक्षण से पूरे अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया. 

लेबर रूम में डॉक्टर गायब 

निरीक्षण के दौरान डीसी सीधे प्रसव कक्ष (लेबर रूम) पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक गायब पाई गईं. इसे बेहद गंभीरता से लेते हुए डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित चिकित्सक से तत्काल स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. निरीक्षण के शुरुआती दौर में अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. माहेरु यामानी भी मौजूद नहीं थीं, जो सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं. 

वार्डों में गंदगी पर फूटा गुस्सा 

वार्डों के निरीक्षण के दौरान वहां फैली गंदगी और अव्यवस्था देख डीसी का पारा चढ़ गया. उन्होंने मौके पर मौजूद हॉस्पिटल मैनेजर और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और वार्डों में गंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मरीजों से की बातचीत, नए भवन के संचालन में देरी पर उठाए सवाल 

डीसी ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया. सदर अस्पताल परिसर में करोड़ों की लागत से बनकर तैयार नए भवन के संचालन में हो रही देरी पर भी डीसी ने सवाल उठाए. उन्होंने आश्चर्य जताया कि भवन तैयार होने के बावजूद अब तक अस्पताल वहां शिफ्ट क्यों नहीं हुआ? डीसी ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की बात कही है. 

एसडीएम की पुरानी रिपोर्ट पर अब हो सकता है एक्शन

गौरतलब है कि निरीक्षण के दौरान डीसी के साथ सदर एसडीएम संजय कुमार भी मौजूद थे. एसडीएम ने पूर्व में भी अस्पताल की खामियों को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी थी, जिस पर उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी. अब माना जा रहा है कि नए डीसी उस पुरानी रिपोर्ट के आधार पर व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े और कड़े कदम उठा सकते हैं. निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी और दांत के डॉक्टर ओपीडी में मौजूद पाए गए. मौके पर एसडीएम संजय कुमार, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ विकास केसरी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में जल्द लागू होगी नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम, लाखों सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

इसे भी पढ़ें: गढ़वा के मिलावटखोरों पर एसडीएम साहेब का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 क्विंटल मिठाइयां मिट्टी में दफन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >