गढ़वा: बच्चों के हाथ से कलावा-लॉकेट उतरवाने के आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई, डीसी के आदेश पर हुआ तबादला

गढ़वा के रमकंडा स्कूल में बच्चों से कलावा और लॉकेट उतरवाने के आरोपी शिक्षक मोहम्मद होमैदुल्लाह का तबादला कर दिया गया है. प्रशासन ने कार्रवाई की है.

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा के एक हाई स्कूल में स्कूली बच्चों के हाथ से कलावा (रक्षासूत्र) और गले से लॉकेट उतरवाने के मामले में शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई की है. गढ़वा उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्र के आदेश पर आरोपी अरबी विषय के शिक्षक मोहम्मद होमैदुल्लाह को रमकंडा स्कूल से हटाकर दूसरे विद्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस संबंध में आदेश पत्र जारी कर दिया है. जारी आदेश के मुताबिक, आरोपी शिक्षक को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मकरी (भवनाथपुर) में प्रतिनियुक्त किया गया है. हालांकि, उनका वेतन भुगतान प्रतिनियोजित विद्यालय से मिलने वाली अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर उनके मूल स्कूल से ही किया जाएगा.

जारी आदेश पत्र

अभिभावकों ने की थी शिक्षक को हटाने की मांग

आदेश पत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय में धार्मिक उन्माद जैसी स्थिति उत्पन्न होने और प्रशासनिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है. उल्लेखनीय है कि रमकंडा के स्कूल में बच्चों के हाथ में बंधा कलावा और गले का लॉकेट जबरन उतरवाने को लेकर बुधवार को अभिभावकों और विद्यार्थी परिषद के लोगों ने स्कूल पहुंचकर भारी हंगामा किया था. बाद में प्रधानाचार्य के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए थे. इसके बाद अभिभावकों ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अरबी शिक्षक को हटाने की मांग की थी.

कार्रवाई से तनाव कम होने की उम्मीद

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गढ़वा डीसी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लिया और एडीपीओ के नेतृत्व में एक जांच टीम को विद्यालय भेजा था. हालांकि, जांच टीम को जांच में क्या तथ्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी विभाग की ओर से अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है. इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: झारखंड: कुड़ू के आवासीय स्कूल में घुसा करैत सांप, रात को सो रही 4 छात्राओं को काटा, एक की मौत

ये भी पढ़ें: चक्रधरपुर में 8 साल से अधूरी है 7.33 किमी सड़क, आरईओ ऑफिस के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

ये भी पढ़ें: 'मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं', दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sweta Vaidya

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >