गढ़वा. श्री सर्वेश्वरी समूह की मरहटिया शाखा स्थित महावराह पीठ में समूह का स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया गया. सुबह प्रभात फेरी से शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात संकीर्तन तक चला. इस दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.सुबह चार बजे से स्वयंसेवक आश्रम परिसर की साफ-सफाई और कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गये थे.
छह बजे वाहन की पूजा-अर्चना के बाद प्रभात फेरी सह परिभ्रमण शुरू हुआ. करीब 30 किलोमीटर के परिभ्रमण के दौरान पंचपड़वा प्रार्थना गृह में परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम की पूजा-अर्चना और आरती की गयी. रांची से पहुंचे वीरेंद्र चौबे ने श्री सर्वेश्वरी ध्वज फहराया. सुबह करीब 9.15 बजे परिभ्रमण के बाद वाहन आश्रम लौटा और आरती के साथ इसका समापन हुआ.
इस अवसर पर शाखा उपाध्यक्ष रवींद्र नाथ द्विवेदी ने परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी के संदेशों से अनुयायियों को अवगत कराते हुए कहा कि परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम ने श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना मानव कल्याण और मानव सेवा के उद्देश्य से की थी. परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को अपनी जड़ों और खेती की ओर लौटने, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज की कुरीतियों के खिलाफ सजग रहने का संदेश देते हैं.
उन्होंने बताया कि परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी संत के साथ सैनिक का आचरण रखने की प्रेरणा देते हैं. इसका उद्देश्य सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है. अपनी संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के लिए इन्हें केवल विचारों तक सीमित न रखकर आचरण में उतारना जरूरी है. मानव सेवा को जीवन का हिस्सा बनाकर समाज में सेवा भावना का वातावरण तैयार करना ही परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम के विचारों को आत्मसात करने का मार्ग है.
भजन और पारिवारिक गोष्ठी का हुआ आयोजन
पूर्वाह्न 11 बजे स्थानीय गायकों ने भक्ति गीत और भजनों की प्रस्तुति दी. दोपहर में सुशीला द्विवेदी की अध्यक्षता में पारिवारिक गोष्ठी हुई. विशेष अतिथि डॉ शशांक भारद्वाज और पूनम सिंह थीं. संचालन झब्बूजी ने किया. ‘श्री सर्वेश्वरी विचार, महावराह तथा भारतीय संस्कृति और संस्कार : आज के विश्व में आवश्यकता और औचित्य’ विषय पर वक्ताओं ने विचार रखे.दोपहर में प्रसाद वितरण और लंगर में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. शाम सात बजे से रात करीब 10 बजे तक संकीर्तन हुआ. डीपीएम (स्वास्थ्य) गौरव कुमार, गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष बबलू पटवा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित थे.
