प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट , गढ़वा. केतार थाना क्षेत्र के जोगिया बीर गांव में रक्षाबंधन का त्योहार उस समय गमगीन माहौल में बदल गया, जब बहन को ससुराल पहुंचाने जा रहे भाई की मोटरसाइकिल में विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सड़क दुर्घटना में भाई-बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
राखी बांधने के लिए आई थी मायके
घायलों की पहचान जोगिया बीर गांव निवासी कामेश्वर राम के पुत्र गोरख राम और उसकी बहन सरोजा देवी के रूप में हुई है. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि सरोजा देवी अपने भाई गोरख राम को रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बांधने के लिए अपने मायके (जोगिया बीर) आई हुई थी. शुक्रवार को गोरख राम अपनी बहन को वापस उसके ससुराल खरौंधी थाना क्षेत्र के सुंडीपुर गांव छोड़ने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था.
सामने से आ रही बाइक ने मारी टक्कर
इसी दौरान अमुआडीह गांव के पास पहुंचते ही सामने (विपरीत दिशा) से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी.टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गए. घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान हालत में मिला अधेड़, मारपीट कर फेंके जाने की आशंका, सदर अस्पताल में भर्ती
गढ़वा सदर अस्पताल रेफर
वहां प्राथमिक उपचार के बाद गोरख राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.फिलहाल गोरख राम का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. वहीं उसकी बहन सरोजा देवी को परिजनों द्वारा एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. त्योहार के खुशी वाले माहौल के बीच अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
