Garhwa Crime News: जमीन हड़पने के लिए चाचा की हत्या, भतीजे ने मां के साथ मिलकर दबाया गला

गढ़वा के डंडई में जमीन हड़पने की नीयत से भतीजे ने मां के साथ मिलकर चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गढ़वा: डंडई थाना क्षेत्र के करके गांव स्थित यादव टोला में जमीन विवाद को लेकर रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, भतीजे मुन्नू यादव (20) ने अपनी मां मिला देवी (41) के साथ मिलकर सगे चाचा रजिंद्र यादव उर्फ बुगी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को मकई के खेत में फेंक दिया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

मकई के खेत में मिला था शव

गढ़वा एसडीपीओ दिलू लोहार ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि 24 अगस्त की शाम करीब पांच बजे पुलिस को करके गांव के मकई के खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रजिंद्र यादव, पिता मिसिर यादव के रूप में की. जांच के दौरान उसके सिर के पीछे और पैर में चोट के निशान मिले. शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद मृतक के साला बिगन यादव के बयान पर डंडई थाना में मामला दर्ज किया गया.

जमीन विवाद में की हत्या

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ दिलू लोहार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया. जांच में मृतक का अपने बड़े भाई कन्हाई यादव, भतीजे मुन्नू यादव और भाभी मिला देवी से जमीन को लेकर विवाद सामने आया. इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को मुन्नू को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में मुन्नू ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा बिना बंटवारा किये जमीन बेच रहे थे. चाचा की दो बेटियां थीं. इसी वजह से पूरी जमीन हड़पने की नीयत से उसने चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी. शव को मकई के खेत में फेंकने में उसकी मां मिला देवी ने सहयोग किया.

आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मकई के खेत से मृतक का मोबाइल बरामद किया. पुलिस ने मुन्नू का मोबाइल भी जब्त किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

जांच टीम में एसडीपीओ दिलू लोहार, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, श्रीकांत कुमार, नवीन कुमार राणा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >