धुरकी. उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने धुरकी पहुंचे भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव जब वन विभाग के डाक बंगले में पहुंचे, तो वहां की बदहाल व्यवस्था देखकर नाराज हो गये. विधायक ने गर्मी को देखते हुए पंखा और कूलर चालू कराने को कहा, लेकिन बताया गया कि भवन में पंखे और बिजली की वायरिंग तो है, पर तार डिस्कनेक्ट होने के कारण बिजली की व्यवस्था ही चालू नहीं है.
इसके बाद विधायक ने डाक बंगले में पानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. यहां भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आयी. डाक बंगले के आसपास गंदगी और उगी झाड़ियों को देखकर विधायक ने नाराजगी जतायी. उन्होंने मौके से ही वन विभाग के डीएफओ को फोन कर डाक बंगले की स्थिति से अवगत कराया और तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया.
विधायक ने कहा कि प्रखंड स्तर पर महत्वपूर्ण लोगों के ठहरने के लिए वन विभाग का डाक बंगला एक प्रमुख व्यवस्था है. इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. उन्होंने सभी कमरों में एसी लगाने के साथ पानी की समुचित व्यवस्था कराने को कहा.
बताया गया कि डाक बंगले में पानी के लिए बोर कराया गया था, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं मिल सका. इस कारण यहां किसी कार्यक्रम के आयोजन पर बाहर से पानी मंगाना पड़ता है. विधायक ने डाक बंगले की साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त कर इसे नियमित उपयोग के योग्य बनाने का निर्देश दिया.
