गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चूहे मारने के लिए दूध में मिलाई गई कीटनाशक दवा को अनजाने में खाने से 9 वर्षीय मासूम की तबीयत अचानक बिगड़ गई. गंभीर हालत में परिजनों ने बच्चे को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
क्या है पूरा मामला
परिजनों के अनुसार, घर में चूहों के बढ़ते आतंक से परेशान होकर उन्होंने दूध में चूहा मारने वाली कीटनाशक दवा मिलाकर रख दी थी. इसी दौरान घर में मौजूद 9 वर्षीय शिवम कुमार यादव ने अनजाने में उसी दूध के साथ रोटी खा ली. बाद में जब परिजनों ने देखा कि कीटनाशक मिला दूध कम हो गया है, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई.
बच्चे की हालत बिगड़ने पर मचा हड़कंप
परिजनों ने जब शिवम से पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने वही दूध और रोटी खा ली है. यह सुनते ही परिवार के लोगों के हाथ-पांव फूल गए. बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन तुरंत उसे रमना स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने शिवम को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर है और उसका लगातार इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: गुमला में सरहुल पर्व के बीच युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, जंगल में मिला शव
यह भी पढ़ें: धनबाद में महिला के सड़ते शव के साथ पांच दिन फ्लैट में रहे परिजन, पुलिस ने किया बरामद
