महिला बंध्याकरण में गढ़वा ने लक्ष्य से अधिक पाई सफलता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार हुए सम्मानित

गढ़वा जिले ने महिला बंध्याकरण में 114% लक्ष्य हासिल कर राज्य में मिसाल कायम की। मेराल सीएचसी के डॉ. वीरेंद्र कुमार को रांची में विशेष सम्मान मिला।

महिला परिवार नियोजन के क्षेत्र में गढ़वा जिले ने पूरे राज्य में एक बड़ी मिसाल कायम की है. जिले ने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए निर्धारित लक्ष्य को पार किया, बल्कि राज्यस्तर पर अपनी एक अलग पहचान भी बनाई है. इस उपलब्धि के तहत जिले के मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूरे गढ़वा जिले में सबसे अधिक 1,283 महिला बंध्याकरण (ट्यूबेक्टॉमी) का सफल ऑपरेशन किया गया है. इस प्रदर्शन के लिए रांची में आयोजित 'विश्व जनसंख्या दिवस' के मुख्य समारोह में मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया. उन्हें यह सम्मान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा प्रदान किया गया.

4,523 के लक्ष्य के विरुद्ध 5,162 महिलाओं का बंध्याकरण

आंकड़ों के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग द्वारा गढ़वा जिले को कुल 4,523 महिलाओं के बंध्याकरण का लक्ष्य सौंपा गया था. जिले के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की मुस्तैदी के बदौलत इस लक्ष्य के विरुद्ध कुल 5,162 महिलाओं का सफल बंध्याकरण कराया गया. इस प्रकार जिले ने 114.12 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की है. पूरे जिले में इस बड़ी सफलता को हासिल करने में मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका सबसे अग्रणी रही, जहां अकेले 1,283 महिलाओं का सफल ऑपरेशन हुआ, जो पूरे जिले में सर्वाधिक है.

पूरी स्वास्थ्य टीम की मेहनत का मिला सम्मान

राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में गढ़वा जिले के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) गौरव कुमार भी उपस्थित रहे. जिले को मिले इस सम्मान पर उन्होंने पूरी जिला स्वास्थ्य टीम को बधाई दी. डीपीएम गौरव कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि गढ़वा जिले की पूरी हेल्थ टीम की एकजुटता, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है. सिविल सर्जन डॉ जान एफ केनेडी के कुशल मार्गदर्शन में डॉक्टरों से लेकर जमीनी स्तर पर तैनात एएनएम और सहिया दीदियों ने जिस मुस्तैदी के साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाई, उसी का नतीजा है कि आज गढ़वा का नाम राज्यस्तर पर लिया जा रहा है.

114% उपलब्धि से गढ़वा बना राज्य का बेंचमार्क

गढ़वा का 114% से अधिक का स्ट्राइक रेट और मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रदर्शन एक बेंचमार्क है.यह सम्मान हमें भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के हर मोर्चे पर नंबर वन बनने के लिए प्रेरित करेगा. सम्मान प्राप्त करने के बाद मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे मेराल के डॉक्टरों, नर्सों और सहिया दीदियों की दिन-रात की मेहनत का नतीजा है. ग्रामीणों के बीच परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता बढ़ी है, जिसके कारण हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Priya Gupta

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >