गढ़वा. जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की ओर से बुधवार को वार्ड नंबर-8 स्थित नगवा के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में नि:शुल्क डेंटल कैंप का आयोजन किया गया. इसमें विद्यालय की सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के दांतों की जांच की गयी.प्रसिद्ध युवा चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार सोनी ने बच्चों का नि:शुल्क डेंटल चेकअप किया.
जांच के बाद उन्होंने बच्चों को दांतों की देखभाल, स्वच्छता और खान-पान से संबंधित आवश्यक परामर्श दिया.कैंप के दौरान बच्चों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, खान-पान में सावधानी बरतने तथा दांतों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया.
सहेली ग्रुप की ओर से बच्चों के बीच पेस्ट, ब्रश और बिस्किट का वितरण भी किया गया. कार्यक्रम में वार्ड पार्षद नीलम शर्मा की उपस्थिति रही.कार्यक्रम की अध्यक्षता जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की अध्यक्ष रीमा स्वरूप व संचालन प्रशासनिक निदेशक रीमा सोनी ने किया. इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार सोनी को निशुल्क डेंटल चेकअप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए ग्रुप की ओर से सम्मानित किया गया.
