सोनपुरवा के तालाबों की भराई से होगा जलसंकट : सत्येंद्रनाथ तिवारी

विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा शहरी क्षेत्र के सोनपुरवा में स्थित तालाबों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को लेकर शुक्रवार को विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने चिंता व्यक्त की. उन्होंने समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त दिनेश यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया व उनके त्वरित समाधान की मांग की. इस दौरान विधायक ने उपायुक्त को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने बताया कि सोनपुरवा क्षेत्र में स्थित तीन छोटे तालाबों में मिट्टी भराई कर जलाशयों को समाप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में पहले से ही जलस्रोतों की भारी कमी है, ऐसे में तालाबों को पाटना भविष्य में गंभीर जलसंकट को जन्म दे सकता है. विधायक ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के लगातार विरोध के बावजूद नगर परिषद की मिलीभगत से तालाब में ही मिट्टी भरकर नगर परिषद कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने उपायुक्त को जानकारी दी कि सोनपुरवा स्थित यह तालाब पूर्व में मत्स्य विभाग के अधीन था. यह तालाब न केवल जलसंचयन का एक महत्वपूर्ण स्रोत था, बल्कि इससे स्थानीय लोगों की आजीविका भी जुड़ी हुई थी. तालाब के समाप्त होने से आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने नगर परिषद कार्यालय के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए स्थल चयन से जुड़े संबंधित अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की भी अपील की. विधायक ने कहा कि सरकारी नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी कर जलाशयों को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा नगर विकास विभाग के सचिव को भी पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >