एसडीएम ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण प्रतिनिधि, गढ़वा उपायुक्त के निर्देश पर एसडीएम संजय कुमार ने बुधवार देर रात सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, साफ-सफाई और मरीजों के इलाज की व्यवस्था देखी. इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर मौजूद मिले, लेकिन रोस्टर के अनुसार प्रस्तुति रोग विशेषज्ञ अनुपस्थित रहीं. रोस्टर पर डॉ. माया कुमारी की ड्यूटी थी, जो प्रशिक्षण पर थीं, जबकि उनके स्थान पर डॉ. पूजा को रहना था, पर वे मौके पर नहीं मिलीं. एसडीएम ने पाया कि ड्यूटी रोस्टर अद्यतन नहीं था और 1 सितंबर का चार्ट अब भी चिपका था. उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक को समय पर रोस्टर अपडेट करने और चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साफ-सफाई संतोषजनक मिली, हालांकि अधिक भीड़ के कारण कुछ मरीज जमीन पर लेटे थे. एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की व्यवस्था सुधारने में प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
