पूर्व मंत्री मिथिलेश ने किया शहीद अब्दुल हमीद की प्रतिमा का अनावरण प्रतिनिधि, गढ़वा शहादत दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर के मझिआंव मोड़ पर परमवीर चक्र विजेता वीर शहीद अब्दुल हमीद की प्रतिमा का अनावरण किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश ठाकुर ने किया. उन्होंने कहा कि अब्दुल हमीद भारतीय सेना की 4 ग्रेनेडियर यूनिट में सिपाही थे और 1965 के भारत-पाक युद्ध में खेमकरण सेक्टर के आसल उत्ताड़ में लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए. मात्र गन माउंटेड जीप से उन्होंने पाकिस्तान के अजेय माने जाने वाले पैटन टैंकों को नष्ट कर दुश्मन के दांत खट्टे कर दिये. उनके साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से नवाजा गया. मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि इद्रिसी समाज की मांग पर विधायक निधि से इस प्रतिमा की स्वीकृति दी गयी थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता के कारण अनावरण नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि शहीदों व महापुरूषों के साथ भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गढ़वा में अच्छे कार्यों में बाधा डालने का काम करते हैं, लेकिन झामुमो ऐसे तत्वों को कभी सफल नहीं होने देगा. इस मौके पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, जवाहर पासवान, तनवीर आलम, नसीम खलीफा, नितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे. लोग चाहे तो की जायेगी अलट बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापितअनावरण समारोह के दौरान पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि यदि लोग चाहें तो वे देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भी स्थापित कराएंगे. उन्होंने कहा कि इसके लिए वे अपनी पूरी राशि खर्च करने को तैयार हैं और प्रतिमा का अनावरण भी उन्हीं लोगों से कराएंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
