त्योहार के सीजन में मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन सक्रिय प्रतिनिधि, गढ़वा एसडीएम संजय कुमार ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ बैठक की. इस दौरान मिलावटी मिठाई कारोबारियों और नकली खाद्य पदार्थ बनाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. एसडीएम ने कहा कि त्योहार के सीजन में किसी भी कीमत पर आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जायेगा. अगले एक महीने तक अभियान सख्ती से चलेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री फीडबैक भी लिया और उन्हें कार्रवाई के निर्देश दिये. एसडीएम ने कहा कि टीम हर दिन बाजार की निगरानी करेगी और जहां भी मिलावट की शिकायत मिलेगी, तुरंत छापेमारी की जायेगी. रक्षाबंधन के समय 75 क्विंटल मिठाई की गयी थी जब्त जिले में रक्षाबंधन के दौरान भी एसडीएम के नेतृत्व में मिलावटी मिठाई के खिलाफ अभियान चलाया गया था. इस दौरान कार्रवाई कर 75 क्विंटल मिलावटी मिटाई जब्त की गयी थी. इस बार भी त्योहार का मौसम शुरू होने से पहले प्रशासन सक्रिय हो गया है. हालांकि, जानकारों की मानें तो अब स्थिति यह है कि छापेमारी के बाद भी मिलावटी मिठाई का धंधा पूरी तरह बंद नहीं हुआ है. प्रभात खबर की पड़ताल में भी यह तथ्य उभर कर सामने आये थे कि बड़े कारोबारियों ने गढ़वा शहर और आसपास से अपने ठिकाने को बदल लिया हैं, लेकिन छोटे दुकानदारों तक मिलावटी मिठाइयां पहुंच रही है. त्योहार से पहले बढ़ी चिंता आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े पर्व हैं. इन अवसरों पर मिठाई की खपत सबसे ज्यादा होती है. ऐसे में मिलावटी मिठाई और नकली खोवा-पनीर का बाजार में आना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद कारोबारियों द्वारा जगह बदलकर धंधा जारी रखना यह दर्शाता है कि इस काले कारोबार की जड़ें गहरी हैं. एसडीएम ने की लोगों से अपील एसडीएम संजय कुमार ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मिठाई, पनीर या खोवा खरीदते समय सतर्क रहें. दुकान से मिठाई की खरीदारी के बाद रसीद जरूर लें. यदि किसी को मिलावट की आशंका होती है तो तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
