शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था मृतक प्रतिनिधि, गढ़वा
गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में ऑटो व बाइक की टक्कर में एक अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक बाइक सवार की पहचान कल्याणपुर निवासी गौरीचंदन सिंह के पुत्र सुनील कुमार सिंह (55 वर्ष) के रूप में हुई है. इस हादसे में बाइक पर एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया है.जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार सिंह रविवार की रात अपने एक मित्र के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक ऑटो से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने के क्रम में सुनील कुमार सिंह की मौत हो गयी, जबकि दूसरे घायल का इलाज मेदिनीनगर शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद परिजनों का रो रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.