डंडई. प्रखंड के किसान उच्च विद्यालय प्रांगण में खेलो झारखंड के तहत प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. खेल सफलतापूर्वक संपन्न तो हो गया, लेकिन समापन के बाद बच्चों को घर लौटाने के दौरान भारी लापरवाही सामने आयी. खेल समाप्ति के बाद दर्जनों बच्चों को ऑटो में ठूंस-ठूंसकर बैठा दिया गया. टेंपो के छत पर भी बच्चे बैठे हुए देखे गये. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब 22 से 25 छात्र-छात्राओं को एक साथ टेंपो में बैठाकर भेजा गया, जो गंभीर हादसे को आमंत्रण दे सकता था. टेंपो चालक गणेश सिंह ने बताया कि उन्होंने बच्चों को इतनी संख्या में ले जाने से मना किया था, लेकिन मिडिल स्कूल बौलीया के हेडमास्टर ने ही दबाव डालते हुए कहा कि सभी बच्चों को एक साथ ले जाया जाये, कोई दिक्कत नहीं होगी. इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही और स्कूल प्रबंधन की संवेदनहीनता को उजागर किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
