गढ़वा : गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल की समस्या से निबटने को लेकर बुधवार को अध्यक्ष पिंकी केसरी की अध्यक्षता में स्थानीय नगर परिषद कार्यालय में वार्ड पार्षदों की एक बैठक हुई. बैठक में गरमी को देखते हुए सभी वार्डों में चापानल लगाने एवं एक-एक डीप बोर कराकर उस पर सिंटेक्स की टंकी लगाकर पेय जलापूर्ति करने का निर्णय लिया गया़
अध्यक्ष पिंकी केसरी ने बताया कि नगर विकास विभाग रांची से पर्यवेक्षकों की दो टीम गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में आयी है़ वह सॉलिड वेस्टमेंट के लिये डीपीआर तैयार करेगी. उन्होंने बताया कि कचरा प्रबंधन को लेकर डंपिंग यार्ड के लिए गढ़वा प्रखंड के परिहारा में भूमि का चयन किया गया है़
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि गरमी का आगाज हो चुका है़ ऐसे में नगर परिषद क्षेत्रवासियों के समक्ष पेयजल की समस्या को देखते हुए यह बैठक की गयी़ बैठक में सभी 20 वार्डों में लोगों को जहां पानी की भारी किल्लत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पानी की आपूर्ति करने को लेकर बैठक में वार्ड पार्षदों ने अपने सुझाव रखे़ उन्होंने कहा कि नये चापानल लगाने के साथ-साथ 20 डीप बोर कराने का भी निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है़ शीघ्र ही वार्डों में पहले चापानल लगाने का काम किया जायेगा़ उसके बाद युद्धस्तर पर डीप बोरिंग कराकर वार्डवासियों को पेयजल की आपूर्ति की जायेगी़
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी खागो यादव, सिटी मिशन मैनेजर मो नजीबुल्लाह अंसारी, मो मुर्तुजा अंसारी, संजीत साहू, वार्ड पार्षद अमरदीप बैठा, संजय ठाकुर, महेंद्र कुशवाहा, रानी सोनी, ममता देवी, कमर सफदर, मीरा कुमारी, इस्लाम कुरैशी, सत्यवती, मोतीचंद निराला, हीरालाल गौड़ आदि उपस्थित थे़
