स्वास्थ्य मंत्री ने आवास लाभुकों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया
मझिआंव : स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 12 वार्ड के 120 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने लाभुकों के बीच स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण किया. इस मौके पर उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा भी उपस्थित थीं. समारोह में लाभुकों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री चंद्रवंशी ने कहा कि आवास को हर हाल में समय पर पूरा करें. साथ ही शौचालय का भी निर्माण अनिवार्य रूप से करें. उन्होंने कहा कि किसी भी बिचौलिये के झांसे में आने की जरूरत नहीं है. यदि कोई आवास दिलाने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत डीसी या बीडीओ से करें. वैसे बिचौलिये पर प्रशासन कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने से यहां के लोगों को छह गुणा लाभ मिल रहा है.
मोदी सरकार सभी गरीबों और बेघर वालों को घर देने का काम कर रही है. कोई भी गरीब बिना घर का नहीं रहेगा. बिजली की समस्या पर मंत्री श्री चंद्रवंशी ने कहा कि अप्रैल-मई तक मझिआंव व कांडी दोनों प्रखंडों में विद्युत सब स्टेशन शुरू हो जायेगा. साथ ही बरडीहा प्रखंड में भी इसकी व्यवस्था करायी जायेगी. इस दौरान मंत्री ने स्वास्थ्य, सिंचाई सहित सरकार की अन्य योजनाओं के संबंध में भी प्रकाश डाला. मौके पर उपस्थित उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने कहा कि प्रशासन वैसे लाभुकों की आवास की सूची बना रही है, जो घर बनाने में सक्षम नहीं हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जा रहा है. लाभुकों को आवास के साथ शौचालय भी जरूरी है.
शौचालय होने से कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है. इस अवसर पर डीडीसी जगतनारायण प्रसाद व एसडीओ राकेश कुमार ने भी विचार व्यक्त किये. मंच का संचालन नगर पंचायत के सिटी मैनेजर विमलेश शुक्ला ने किया. इस अवसर पर बीडीओ सह सीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी कमल किशोर सिंह, 20सूत्री अध्यक्ष प्रेमानंद त्रिपाठी, उपाध्यक्ष संजय सिंह, सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्रनाथ दुबे, जिला 20सूत्री सदस्य अर्जुन दास , चंचल दुबे, रवींद्र पासवान, रेफरल के प्रभारी डॉ कमलेश कुमार, राकेश श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.
