नगरऊंटारी (गढ़वा) : गढ़वा के कुसडड़ गांव में नाबालिग युवती से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया. युवती के विरोध करने पर युवक ने उसकी कमर में गोली मार दी. युवक भी नाबालिग है, उसकी उम्र 16 वर्ष बतायी जाती है.
युवती को प्राथमिक उपचार के बाद गढ़वा रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बतायी जा रही है. युवती के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. घटना शुक्रवार रात करीब 1.30 बजे की है. युवती अपने छोटे भाई व बहन के साथ सोयी हुई थी. इस बीच युवक चहारदीवारी फांद कर उसके घर घुसा और दुष्कर्म की कोशिश की.
युवती के विरोध करने पर देसी कट्टा दिखा कर धमकाया और कहा कि चुपचाप मेरे साथ चलो. मौका देख कर युवती भागने लगी, तो युवक ने उसकी कमर में गोली मार दी.
अक्सर धमकी देता था.
युवती ने पुलिस को दिये बयान में कहा कि स्कूल जाने के दौरान अकेली पाकर युवक हमेशा धमकी देता था. कहता था कि तुम्हें मेरे साथ रहना होगा. युवती ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने के बाद जब आरोपी भागने लगा, तो उसके साथ तीन अन्य लोग भी थे, जिसे वह पहचान नहीं सकी.
