गढ़वा : झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी वर्क्स यूनियन गढ़वा शाखा द्वारा शनिवार को केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए एक रैली निकाली तथा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व समाज कल्याण मंत्री अन्नपूर्णा देवी का पुतला फूंका. आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने इसके पूर्व तीनों नेताओं के पुतले के साथ स्थानीय शहीद नीलांबर नगर भवन से रैली निकाली, जो मुख्य पथ होते मङिाआंव मोड़ तक गयी. वहां से रंका मोड़ पर वापस आने के बाद तीनों नेताओं के पुतले को जलाया गया.
रैली में शामिल आंगनबाड़ी सेविका व सहायिकाएं केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थीं. पुतला दहन के बाद सेविका व सहायिकाओं ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने उनके साथ छल किया है. वे लगातार अपनी 15 सूत्री मांगों को लेकर हमेशा धरना-प्रदर्शन करती रहीं हैं. उन्होंने कहा कि जो उनकी मांगों को पूरा करने की बात करेगा, उसी दल को वे साथ देंगी.
इस अवसर पर यूनियन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मुकुंद प्रसाद सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष वीणा सिन्हा, प्रमंडलीय संयोजक रामचंद्र पासवान, प्रमिला बाखला, चंचला देवी, प्रभा देवी, सत्यवती देवी, अनिता देवी, सरोजनी देवी, संजू पांडेय, संगीता कुजूर, ज्ञांति देवी सहित काफी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका उपस्थित थीं.
