गढ़वा : गढ़वा जिले के 15वें थाना के रूप में शनिवार को विशुनपुरा थाना का उदघाटन किया गया. गढ़वा पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार झा ने इसका औपचारिक उदघाटन किया.
इस अवसर पर जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी व विशुनपुरा के काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री झा ने कहा कि थाना हो जाने से स्थानीय जनता को इससे सुविधा होगी. पहले यहां के ग्रामीणों को थाना जाने के लिए नगरऊंटारी जाना पड़ता था. उन्होंने कहा कि गढ़वा जिले में तीन और थाना खुलेंगे. इसमें केतार, डंडा एवं बरडीहा शामिल हैं. एसपी ने कहा कि थाना पुलिस को नहीं, बल्कि जनता को चलाना है. यदि जनता पुलिस को सहयोग करेगी, तो पुलिस जनता के लिए काम करेगी.
उन्होंने थाने के लिए आवश्यक पांच एकड़ की भूमि देनेवाले भूदाता के प्रति आभार व्यक्त किया. इस मौके पर गढ़वा एसडीपीओ श्रीराम समद, नगरऊंटारी एसडीपीओ सुरजीत कुमार, मेजर रविंद्र प्रसाद, पुलिस निरीक्षक एसएन सिंह, अजय सिंह, थाना प्रभारी आनंद कुमार झा, संजीव कुमार तिवारी, नरेश यादव आदि उपस्थित थे. एसपी ने कहा कि विशुनपुरा थाना में प्रखंड के पांच पंचायत जुड़ेंगे. इसमें विशुनपुरा, पतिहारी, सारंग, अमहर खास व पीपरी कला शामिल हैं.
