।। विनोद पाठक ।।
सीमा के पास चौबीस घंटे से चल रही छापामारी
गढवा : लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस को शुरुआती दौर में ही छत्तीसगढ. की सीमा से सटे चिनिया एवं रंका थाना क्षेत्र में माओवादियों से दो-दो हाथ करने पड. रहे हैं. समाचार भेजे जाने तक उक्त इलाके में मुठभेड. जारी थी. करीब चौबीस घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस को अभी तक कुछ खास उपलब्धि नहीं मिल सकी है.
पुलिस की रणनीति है कि जब तक अभियान में सफलता नहीं मिलती है, तब तक छापामारी जारी रहेगी. चिनिया एवं रंका थाना प्रभारी के नेतृत्व में इस अभियान में सीआपीएफ एवं जिला पुलिस के जवान लगे हुए हैं. गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के मद्दे नजर माओवादियों के एक दस्ते के पाल्हे-सिद्दे गांव के पास जमे होने की खबर के बाद पुलिस ने उक्त इलाके को घेरने का प्रयास किया है. कभी नक्सलियों के लिए शरणस्थली रही जंगल से जुडे़ एवं जिला मुख्यालय से दूर स्थित उक्त इलाके में इधर काफी दिनों से नक्सली गतिविधियों पर लगभग नियंत्रण लग चुका था. लेकिन बीते सप्ताह डंडई थाना के बौलिया गांव में एक कलावती देवी नामक महिला की हत्या कर भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर विशालजी ने अपनी उपस्थिति का एहसास कराया था.
इस दौरान माओवादी के प्रवक्ता ने यह चेतावनी भी दी थी कि उनके इलाके में यदि कोई सरकारी कार्य बिना उनके संगठन के इजाजत के शुरू हुई, तो वे उस पर कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे. इसके बाद से करीब दो वर्षो के बाद यह इलाका पुन: दहशत में आया है. इसके बाद चिनिया थाना क्षेत्र में उक्त दस्ते के जमे होने की सूचना से आशंका बन रही है कि माओवादी पुन: इस इलाके में अपने पांव फैलाने की कोशिश में है. विशेषकर लोकसभा चुनाव के पूर्व माओवादियों की इस हरकत से चुनाव में मतदान पर असर पड. सकता है.
