गढ़वा : उपायुक्त सुधांशु भूषण बरवार ने मंगलवार को अपने कार्यालय जनता दरबार लगाया. इस दौरान कई लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखी. शिकायतों के निष्पादन के लिए विभिन्न विभागों में उन्हें हस्तांतरित करने व शिकायतों के निष्पादन के बाद जिला प्रशासन को अवगत कराने के लिए डीआरडीए के वरीय लेखा पदाधिकारी ऋचा वर्मा को प्रभारी बनाया गया है. इस बीच उपायुक्त ने बताया कि जनता दरबार में कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लाकर रख सकता है, जिसका विधिसम्मत निष्पादन ससमय कराने का प्रयास किया जायेगा.
उन्होंने कहा कि इसके लिये वरीय लेखा पदाधिकारी को प्रभारी बनाया गया है, जो सभी शिकायतों को संग्रहित कर उनके निष्पादन के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित करेंगी और विभाग द्वारा निष्पादित किये जाने के बाद उसकी सूचना प्राप्त कर जिला प्रशासन को अवगत करायेगी. उन्होंने लोगों से बेहिचक इस प्रकार के जनता दरबार में आकर अपनी बात रखने की अपील की.
