रोजगार सेवकों के साथ बैठक कर दिये निर्देश
गढ़वा : उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने मनरेगा से हो आहर मरम्मत, तालाब निर्माण, कच्ची सड़क निर्माण आदि के कार्य अविलंब बंद करने के निर्देश दिये हैं. इसके बदले सभी गांवों में डोभा का निर्माण कार्य शुरू करने को कहा है़ प्रत्येक गांव में कम से कम 15-15 डोभा बनाने के निर्देश दिये हैं.
सोमवार को मनरेगा में संतोषजनक प्रगति नहीं करनेवाले रोजगार सेवकों के साथ उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में बैठक की़ बैठक में उपायुक्त ने डीबीटी में 70 प्रतिशत से कम लक्ष्य प्राप्त करनेवाले रोजगार सेवकों को कड़े निर्देश देते हुए इसे तत्काल पूरा करने को कहा़ उन्होंने वैसे जॉब कार्डधारी मजदूर जिनका संयुक्त खाता है, उनका एकल खाता खोलवाने को कहा़ गढ़वा जिले में 1.36 लाख जॉब कार्डधारी मजदूर हैं.
उपायुक्त ने सबों को डीबीटी के माध्यम से भुगतान करने के निर्देश दिये़ अभी मात्र 15 हजार जॉब कार्डधारी ही डीबीटी से भुगतान प्राप्त कर रहे हैं. उपायुक्त ने कहा कि गांव में पुरानी योजनाओं को बंद करते हुए 30 गुना 30 व 60 गुना 60 फीट का डोभा का निर्माण करें. लेकिन डोभा निर्माण में सिर्फ मजदूरों का ही उपयोग किया जायेगा़ कहीं से भी जेसीबी आदि मशीनों का प्रयोग करते हुए पाया गया तो कार्रवाई की जायेगी़
काम मांगनेवाले मजदूरों को रोजगार दें
उपायुक्त ने रोजगार सेवकों को निर्देश दिया कि कहीं से भी ऐसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए कि मजदूर काम मांग रहे हों और उन्हें काम उपलब्ध नहीं हो सका है़ रोजगार सेवक काम के लिए आवेदन देनेवाले मजदूरों को मनरेगा प्रावधान के अनुसार रोजगार उपलब्ध करायें. यदि शिकायत पायी गयी, तो रोजगार सेवकों पर कार्रवाई की जायेगी़ उपायुक्त ने जीओ टैगिंग शत-प्रतिशत योजनाओं का कराने के निर्देश दिये़
इसके अलावा जॉब कार्ड में मजदूरों की तसवीर लगाने को कहा़ उपायुक्त ने गढ़वा जिले के 11 प्रखंडों में 142 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिये़ उन्होंने इस बात पर नाराजगी जतायी कि अभीतक मात्र 55 आंगनबाड़ी केंद्रों में ही काम शुरू किये जा सके हैं. उन्होंने 24 घंटे के अंदर शेष आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए उसमें काम शुरू करने के निर्देश दिये़ इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जगत नारायण प्रसाद, परियोजना पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे़
