गढ़वा. झारखंड विद्युत सप्लाई तकनीकी श्रमिक संघ के बैनर तले चार जनवरी को बोर्ड मुख्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन व पांच जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल कार्यक्रम चार सूत्री मांगों को लेकर किया जायेगा़ इसको लेकर संघ की ओर से सभी मानव दिवस कर्मियों को आंदोलन में शामिल होने के लिए रांची चलने का आह्वान किया गया है़
संघ की ओर से इसको लेकर जिले के गढ़वा से मुकेश धर दुबे, संजय सिंह, रामस्नेह कुशवाहा, रवींद्र मेहता, नगरउंटारी से प्रेम मेहता, रत्नेश शुक्ला, रंका से रोशन गुप्ता, हसीबुद्दीन अंसारी तथा मझिआंव से विजय मेहता व गुड्डू सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है़ इसकी जानकारी देते हुए संघ के महासचिव अमित कुमार कश्यप ने बताया कि ऊर्जा विकास निगम ने जिस तरह मानव दिवस कर्मियों के साथ एक सुनियोजित साजिश के तहत अवधि विस्तार रोक कर निजी एजेंसी बहाल कर रही है, उसका हर स्तर पर मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा़ जरूरत पड़ने पर वे न्यायालय का भी दरवाजा खटखटायेंगे.
उनकी मांगों में सभी एरिया बोर्ड संचरण प्रक्षेत्र में निजी एजेंसी बहाली प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने, कार्यरत मानव दिवस कर्मियों को संघ के समझौते के तहत ट्रेड टेस्ट के माध्यम से नियमित करने, मानव दिवस कर्मियों का अवधि विस्तार तत्काल एक वर्ष के लिए करने तथा प्रश्नपत्र लीक मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग शामिल है.
