वनांचल ग्रामीण बैंक की खरौंधी शाखा में सुबह से लगी थी लाइन
खरौंधी : नोटबंदी के 41वें दिन भी यहां वनांचल ग्रामीण बैंक की शाखा में नये नोट लेने के लिए काफी भीड़ रही़ प्रखंड का इकलौता इस बैंक में पूरे प्रखंड के लोगों का खाता होने के कारण काफी भीड़ हो रही है़ विदित हो कि नोटबंदी के बाद कई समय एक-एक सप्ताह तक नये नोट की यहां किल्लत रही़ इसके कारण ग्रामीण जहां नये नोट लेने के लिए परेशान रहे, वहीं ग्रामीणों में बैंक के खिलाफ काफी आक्रोश भी देखा गया़
प्रखंड में एकमात्र शाखा होने के कारण इस समय प्रतिदिन इतनी भीड़ हो जा रही है कि लोगों को अपना काम कराने में काफी समय बीत रहा है़ यद्यपि इसके बावजूद परेशानी झेल रहे लोग प्रधानमंत्री के नोटबंदी के इस निर्णय का स्वागत कर रहे हैं. सोमवार को 61 वर्षीय कमलेश पाल को सुबह छह बजे से ही बैंक के सामने खड़ा देखा गया़ उनके साथ अन्य कई गांव के लोग भी पैसा लेने के लिए बैंक खुलने के इतना पहले ठंड के बावजूद कतार में लग चुके थे़ कमलेश पाल ठंड में कांप रहे थे़ उनके पैर व हाथ कटे होने के कारण खून भी बह रहा था़ सुंडी पंचायत के परसवान गांव निवासी कमलेश पाल ने कहा कि वे शनिवार को भी लाईन में लगे थे़
घंटों बाद जब उनकी बारी आयी, तो बैंक बंद हो चुका था़ इसके चलते आज वे भोर में ही लाइन में लग गये हैं. उन्होंने कहा कि सुबह अंधेरे में ही बैंक में पहुंचने की जल्दी में वे साइकिल से आने के दौरान रास्ते में गिर गये थे़ लेकिन इसके बाद भी उन्होंने प्रधानमंत्री के निर्णय को सही बताया़ उन्होंने कहा कि मोदीजी के नोटबंदी के फैसले ने घर-घर का चोर पकड़ा है़ वे उनके निर्णय से काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि पैसा निकालने में अगर वे मर भी जाते हैं, तो कोई गम है़ प्रधानमंत्री का यह फैसला देशहित में है.
