रमना में ठनका से छात्र की मौत, पांच घायल

रमना : राजकीयकृत उच्च विद्यालय (रमना) में बुधवार दोपहर हुए वज्रपात (ठनका) की चपेट में आकर छात्र आशीष की मौत हो गयी. वहीं पांच बच्चे झुलस गये. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया. छात्रों की स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सकों ने गढ़वा रेफर कर दिया. गढ़वा पहुंचने पर आशीष ने दम […]

रमना : राजकीयकृत उच्च विद्यालय (रमना) में बुधवार दोपहर हुए वज्रपात (ठनका) की चपेट में आकर छात्र आशीष की मौत हो गयी. वहीं पांच बच्चे झुलस गये. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया. छात्रों की स्थिति बिगड़ती देख चिकित्सकों ने गढ़वा रेफर कर दिया. गढ़वा पहुंचने पर आशीष ने दम तोड़ दिया, जबकि अरशद अंसारी की स्थिति गंभीर बनी हुई है़ सभी 10वीं के विद्यार्थी हैं. उसी मैदान में खेल रही कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं बाल-बाल बच गयीं.
मैदान में खेल रहे थे बच्चे : प्ले पीरियड होने के कारण सभी बच्चे दोपहर 3,45 बजे मैदान में खेल रहे थे़ इसी दौरान वज्रपात हुआ़, जिसमें रमना थाना के कोरगा निवासी भोला राम का पुत्र आशीष कुमार, रमना मस्जिद टोला निवासी इजरायल अंसारी का पुत्र अरशद अंसारी, कर्णपुरा निवासी संजय प्रसाद यादव का पुत्र राकेश कुमार, कोरगा गांव निवासी राजेंद्र राम का पुत्र सोनु कुमार, चुंदी गांव निवासी लालू राम का पुत्र छोटन कुमार एवं बनखेता गांव निवासी चंदेश्वर बैठा का पुत्र सतीश कुमार झुलस गये. सभी घायलों को तत्काल रमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती किया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए गढ़वा रेफर कर दिया गया़ अस्पताल पहुंचने के पहले ही आशीष की मौत हो गयी़
अस्पताल में किया हंगामा : स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती दो छात्रों को रेफर करने में चिकित्सकों ने एक घंटे से अधिक समय लगा दिया.
इस कारण उनकी स्थिति और बिगड़ गयी़ प्राथमिक उपचार में भी लापरवाही बरती गयी. यदि शीघ्र छात्रों को गढ़वा रेफर कर दिया जाता तो आशीष की जान बच सकती थी. लोगों ने सिविल सर्जन से बात कर व्यवस्था में सुधार करने की चेतावनी दी़
अस्पताल में उपकरण का अभाव : प्रभारी
चिकित्सा प्रभारी नाजिर अहमद ने कहा कि अस्पताल में कई आवश्यक उपकरणों की कमी है. इस संबंध में कई बार विभाग को पत्र लिख चुका हूं. आपातकाल स्थिति में मरीजों के इलाज में समस्या हो रही है़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >