मझिआंव : मझिआंव में राशन गोदाम की स्थिति जर्जर होने के कारण गरीबों के लिए प्रखंड में आयोडीन नमक व अनाज का रख-रखाव नहीं हो पा रहा है़ एक तरफ जहां प्रखंड में अभी भी लोग अनाज के लिए तरसते हैं, वहीं उनके लिए सरकार द्वारा भेजे गये अनाज का यहां पहुंचने पर क्या हश्र होता है, इसका अंदाजा स्थिति को देखने से लगाया जा सकता है़
प्रखंड मुख्यालय में गढ़वा एफसीआइ गोदाम से अनाज लेकर आया ट्रक पिछले तीन दिन से खड़ा है़ लेकिन गोदाम के मैनेजर नहीं रहने के कारण इस अनाज को सही जगह तक पहुंचाया नहीं जा सका है़ तीन दिन से खड़े ट्रक (बीआर 15 बी-3235) के चालक मजीद अंसारी ने बताया कि आज कल राशन का उठाव नहीं होने के कारण गोदाम भरा हुआ है, जिसके कारण वे लोग परेशान हैं.
इधर, जर्जर होकर गिर चुके पुराने गोदाम में खुले आसमान के नीचे गरीबों के खाने के लिए आया करीब 100 क्विंटल आयोडीन नमक रखा गया है़ बारिश व धूप में रहने के कारण वह खराब हो रहा है़ चिकित्सकों के मुताबिक आयोडीनयुक्त उस नमक
की गुणवत्ता खुले में रखने से खत्म हो सकती है़
इस संबंध में बताया गया कि सहायक गोदाम मैनेजर ललन दुबे के सेवानिवृत्त होने के बाद गोदाम का प्रभार बीडीओ नितिन शिवम को दिया गया है़ बीडीओ के प्रतिनिधि जनसेवक मोजेस किस्पोट्टा ने बताया कि जो राशन का ट्रक खड़ा है, उसका चावल भींगा था़ इसलिए खाली नहीं कराया. एक-दो दिन के अंदर राशन व नमक का उठाव हो जायेगा़
