सतर्कता समिति के सदस्य ने जांच के बाद लाभुकों के आरोप को सही बताया
गढ़वा : केतार प्रखंड के परती कुशवानी गांव के राशन लाभुकों ने सतकर्ता समिति के सदस्य राजीव रंजन सिंह को आवेदन देकर डीलर चंद्रदेव बैठा द्वारा राशन कम देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग के आलोक में सतर्कता समिति के सदस्य गुरुवार को परती कुशवानी पहुंच कर मामले की जांच की़
जांच के पश्चात समिति के सदस्य राजीव रंजन सिंह ने प्रभात खबर को बताया कि लाभुकों का आरोप सही है़ बताते चलें कि केंद्र व राज्य सरकार क्षेत्र के गरीब व्यक्तियों का नाम एपीएल व बीपीएल सूची में दर्ज कराकर खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है़ वहीं दूसरी ओर केतार प्रखंड के परती गांव के डीलर चंद्रदेव बैठा व एमओ की मिलीभगत से लाभुकों केा मिलनेवाला फरवरी माह का केरोसिन व दो माह का अनाज गबन किये जाने का आरोप लाभुकों ने लगाया है़ साथ ही उक्त डीलर व एमओ द्वारा विरोध करनेवाले लाभुकों का नाम सूची से काट कर उन्हें इस योजना से वंचित किये जाने का आरोप लाभुकों ने लगाया है़ लाभुकों ने मोरचा खोलते हुए साफ तौर पर कह दिया है कि डीलर के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे़
क्या है मामला
सैकड़ों लाभुकों ने संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सतर्कता समिति को दी है़ इसमें कहा गया है कि डीलर चंद्रदेव बैठा ने फरवरी माह का केरोसिन लाभुकों के बीच वितरण न कर 750 लीटर केरोसिन गबन कर दिया. वहीं डीलर ने गांव के अनपढ़ भुइयां व चेरो जाति के सैकड़ों लाभुकों का राशन कार्ड एमओ से सत्यापित करने के नाम पर लेकर लाभुकों का अनाज दिये बिना ही उनके कार्ड पर दो माह का चढ़ा दिया गया है़
वहीं विरोध करनेवाले लाभुकों का नाम लाभुक सूची से हटा दिया है़ ग्रामीणों ने आवेदन में कहा है कि उनका एक माह का केरोसिन व दो माह का अनाज गबन किये जाने के मामले को लेकर कई बार मुख्यमंत्री जनसंवाद शिकायत के बाद जांच के आलोक में बीडीओ सह एमओ आशफ अली ने डीलर के साथ सांठ-गांठ कर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया है़
गोदाम से मिलता है कम अनाज : डीलर
इस बारे में राशन डीलर चंद्रदेव बैठा ने सतर्कता समिति के सदस्य को आवेदन देकर कहा है कि उन्हें गोदाम से ही बिना तौले हुए अनाज दिया जाता है़ जिससे उन्हें परेशानी होती है़
उन्होंने आवेदन में कहा है कि गोदाम प्रबंधन से उन्हें तौल कर अनाज दिलायी जाये, ताकि वे अपने लाभुकों को सही तौल कर अनाज का वितरण कर सकें.
अधिकारियों व मंत्री को अवगत करायेंगे : राजीव रंजन सिंह
सतर्कता समिति के सदस्य राजीव रंजन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के आरोप के बाद गुरुवार को उन्होंने परती गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली़ उन्होंने डीलर के केरोसिन व अनाज विरतण पंजी तथा स्टॉक पंजी की जांच के उपरांत डीलर द्वारा तेल व अनाज गबन किये जाने की पुष्टि हुई है़ वे इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों व विभागीय मंत्री से करेंगे़
